पिछले सप्ताह हमने एक प्रयोग द्वारा अपनी हथेलियों के चक्रों से नाभि के भाग को स्कैन किया था। मुझे कई लोगों ने पत्र लिख अपने अनुभवों के बारे में बताया, जिसमे स्पंदन, आकर्षण, प्रतिकर्षण से लेकर गर्मी, ठंडक, हथेलियों में झुनझुनी आदि शामिल हैं । मानव शरीर परतों में निर्मित है, स्थूल शरीर उनमें से केवल एक परत है। जो आपने अनुभव किया वह स्थूल शरीर से अगली परत है, जिसे प्राणमय कोश अथवा आभा के नाम से भी जाना जाता है। जो कुछ भी इस स्थूल शरीर में होता है वह इसी कोश द्वारा नियंत्रित है।
शरीर आत्मा का वाहन है। परंतु यह स्थायी नहीं है, इसका अंत निश्चित है। लेकिन, किस गति से शरीर का क्षय होता है, कितने शीघ्र यह वृद्धावस्था की ओर बढ़ता है, यह हम पर निर्भर है। वैदिक ऋषियों ने शरीर की विभिन्न परतों/कोशों को पूर्णतः समझ हमें योग का विज्ञान दिया और इस विज्ञान के प्रयोग से वे अपने शरीर को आखिरी श्वास तक तेजस्वी, दृढ और युवा बनाए रखने में सक्षम थे। वर्तमान समय में भी सनातन क्रिया का नियमित तथा सम्पूर्णता से अभ्यास कर रहे ध्यान आश्रम के साधकों का तेज तथा आकर्षण, योग के इस वैदिक विज्ञान की कारगरता का जीवंत प्रमाण है ।
योग के अनुसार, संसाधनों का इष्टतम उपयोग ही स्वस्थ जीवन कि कुंजी है। हमारे शरीर में सात चक्र प्रमुख हैं जो एग्जॉस्ट फेन की तरह काम करते हुए प्राणों का संचार करते हैं। इसी प्रक्रिया द्वारा हमारा शरीर संतुलित व स्वस्थ रहता है। प्रत्येक चक्र शरीर के महत्वपूर्ण अंगों के संचालन को नियंत्रित करता है। इन चक्रों में प्राण के अत्यधिक अथवा न्यून प्रवाह से शरीर में रोग उत्पन्न होते हैं। इन स्थूल और सूक्ष्म परतों को शुद्ध और मजबूत बनाने के लिए कुछ क्रियाएं आवश्यक है ।
यहाँ मैं सनातन क्रिया में से एक ऐसे ही शक्तिशाली प्राणायाम का उल्लेख कर रहा हूँ, जिसके नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ संतुलित और रोगमुक्त रहता है।
चक्र संतुलन प्राणायाम चक्रों की आवश्यकता अनुसार शरीर में प्राण का वितरण करता है- जहाँ प्राण की कमी है,वहाँ प्राण की पूर्ती करता है और जहाँ प्राण की अधिकता है वहाँ से निष्कासन करता है। इस प्रकार इस प्राणायाम के करने से रोगों पर अंकुश लग जाता है।
इस के लिए-
1. वज्रासन में बैठें।
2. अपनी आँखें बंद करें और यौगिक श्वास भरें। (उदर और वक्ष श्वास का संयोजन)।
3. श्वास छोड़ते हुए अपनी हथेलियों को मूलाधार चक्र (रीढ़ कि हड्डी के मूल पर) के सामने ले आएं।
4. अब उज्जयी में श्वास लेना शुरू करें और साथ-साथ अपनी हथेलियों को स्वादिष्ठान चक्र (मुलाधार के ऊपर दो उंगलियों के अंतर पर ) के सामने लाएं।
5. उज्जयी में श्वास अंदर लेना जारी रखें और हथेलियों को अब मणिपुरक चक्र (नाभि के समक्ष) के सामने ले आएं और उसके बाद और ऊपर अनहद(छाती के मध्य में), फिर विशुद्धि (कंठ के स्तर पर) और अाज्ञा (भौंहों के बीच में) पर ले जाएं।
6. अंत में अपनी हथेलियों को आसमान की ओर कर अपना सारा ध्यान सहस्रार चक्र पर रखें जो सर के ऊपर में एक सुनहरे गोले के रूप में है। कुछ क्षणों के लिए इसी अवस्था में रहें।
7. इसके बाद धीमे धीमे श्वास छोड़ते हुए, हथेलियों को नीचे की ओर ले जाएं, प्रत्येक चक्र पर कुछ क्षणों के लिए रुकते हुए ।
यहाँ इस प्राणायाम की एक साइकिल पूरी हुई । ऐसे सात साइकल्स से चक्र संतुलन का एक सेट पूरा होगा। महत्वपूर्ण है कि हथेलियों के उतार-चढाव की एक साइकिल आपकी श्वास के साइकिल के साथ समन्वय में हो। किसी भी स्थिति में शरीर पर तनाव न डालें। धीमे धीमे अपने शरीर कि क्षमता को बढाएं। पहले कुछ दिनों तक या फिर हो सकता है पहले एक महीने तक , आप पाएंगे कि अापके हाथ बहुत तेजी से ऊपर और नीचे जा रहे हैं, ऐसा होना सामान्य है।
प्रत्येक चक्र शरीर के एक विशेष कार्य और आवश्यकता के लिए उत्तरदायी है। इन चक्रों के विशेष गुण और क्षमताअों के बारे में ‘सनातन क्रिया, योग का सार’ पुस्तक में विस्तार से बताया गया है। सनातन क्रिया अभ्यास के उन्नत चरणों में, चक्रों और उनकी शक्तियों को विशिष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए कैसे उपयोग करना चाहिए वह भी सिखाया जाता है।
लेख जन संगठन में प्रकाशित किया गया था |
Comments
Post a Comment